फरिश्ता बनकर आया आरपीएफ का जवान, जान पर खेलकर यात्री को बचाया

आरपीएफ का एक कांस्टेबल ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फंसे यात्री के लिए फरिश्ता बनकर आया और उसे मौत के मुंह से निकाल लाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते कांस्टेबल राजबीर की हिम्मत व हौसले की चर्चा रेलवे अधिकारियों से लेकर इंटरनेट मीडिया पर होने लगी।

हुआ यूं कि 23 जुलाई की रात सरायरोहिल्ला से जयपुर जाने वाली 04739 नंबर की ट्रेन रात के दस बजकर 40 मिनट पर दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां दो मिनट के स्टापेज के बाद ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगी। इसी दौरान दो भारी बैग के साथ एक यात्री प्लेटफार्म पर ट्रेन की तरफ तेजी से दौड़ा। चलती ट्रेन में पहले उसने गेट पर अपना सामान रखने के बाद उसमें चढ़ने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच फंस गया। इसी दौरान कांस्टेबल राजबीर की नजर उसपर पड़ी और वे भागते हुए यात्री के पास पहुंचे और निकालने की कोशिश करने लगे। पहले प्रयास में यात्री को निकालने के दौरान वे खुद असंतुलित होकर प्लेटफार्म पर गिर गए। इस दौरान यात्री ट्रेन के साथ घसीटता हुआ करीब पांच मीटर आगे चला गया। दोबारा से राजबीर यात्री के पास पहुंचे और उसे बाहर खींच लिया। इस दौरान किसी ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और बड़ा हादसा टल गया। अच्छी बात यह रही कि यात्री को चोटें नहीं आई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ