मारुति ने किया मंथली कार रेंटल सेवा का विस्‍तार, अब इन शहरों में भी किराये पर ले सकेंगे गाड़ी

दिल्‍ली, मुंबई, बंगलूरु जैसी मेट्रो सिटीज की तरह अब देश के टियर 2 शहरों के लोगों में भी कार खरीदने के बजाय किराये पर लेकर चलाने का रुझान बढ़ रहा है. इसे देखते हुए देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने लंबे समय तक के लिए कार किराये पर देने के अपने सब्सक्रिप्शन प्‍लान को 4 नए शहरों में लॉन्‍च कर दिया है. कार मंथली रेंटल सेवा के विस्‍तार इस कदम के तहत कंपनी ने जयपुर, इंदौर, मंगलूर और मैसूर के लोगों के लिए ये सेवा अब उपलब्‍ध करा दी है. इसके तहत ग्राहक मारुति की कार निश्चित अवधि के लिए मासिक किराये पर घर लाकर चला सकेंगे. इसके साथ ही अब मारुति की कार मंथली रेंटल सेवा अब देश के 19 शहरों में उपलब्ध हो गई है. ​ बता दें कि जुलाई 2020 में मारुति द्वारा शुरू किए गए सब्सक्रिप्शन प्‍लान के तहत मासिक शुल्‍क में व्हीकल यूजेज चार्ज, रजिस्ट्रेशन चार्ज, मेंटिनेंस, इंश्योरेंस और व्हीकल के इस्तेमाल से जुड़ी दूसरी सेवाएं शामिल होती हैं. सब्सक्रिप्शन की अवधि खत्म होने पर ग्राहक चाहे तो चलाई गई कार को खरीद सकता है. इसके अलावा ग्राहक कोई दूसरी कार किराये पर ले सकता है. साथ ही ग्राहक के पास कार के सब्सक्रिप्शन को कभी भी बंद करने का विकल्प हमेशा खुला रहता है. कार मंथली रेंटल सेवा के तहत मारुति की वैगन-आर , स्विफ्ट, डिजायर, विटारा ब्रेजाऔर अर्टिगा समेत कई कारों में किसी का भी चुनाव किया जा सकता है. ग्राहकों के पास व्हाइट और ब्लैक रजिस्ट्रेशन प्लेट का भी विकल्प है. व्हाइट प्लेट सब्सक्रिप्शन के मामले में कार ग्राहक के नाम पर रजिस्टर होती है और ब्लैक प्लेट सब्सक्रिप्शन में कार सब्सक्रिप्शन पार्टनर के नाम पर रजिस्टर होती है. कार मंथली रेंटल सेवा के लिए मारुति ने ओरिक्स ऑटो इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड, ALD ऑटोमोटिव इंडिया और माइल्स ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजीस के साथ साझेदारी कर रखी है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ