भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए  उम्मीदवारों की 7वीं लिस्ट जारी कर दी है। लिस्‍ट जारी करने के साथ ही महाराष्‍ट्र में NDA गठबंधन में रार मच गई है। गठबंधन में इस फूट की वजह भाजपा द्वारा अमरावती सीट से नवनीत राणा को टिकट दिया जाना है। जिसे लेकर महाराष्ट्र एनडीए में विवाद खड़ा हो गया है। 


अमरावती से बीजेपी ने नवनीत राणा को उम्मीदवार बनाया है जिसे लेकर महायुति गठबंधन में राणा को लेकर भारी विरोध खड़ा हो गया है। शिवसेना शिंदे गुट के आनंदराव अड़सुल ने खुले आम ऐलान कर दिया है कि वह भी इसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा प्रहार जनशक्ति के बच्चू कडू ने भी नवनीत राणा के नाम को लेकर विरोध जताया है। 


खबर है कि नवनीत राणा आज बुधवार की रात 10.30 बजे भाजपा ज्वाइन करेंगी। नवनीत राणा अमरावती से सांसद हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कोराडी स्थित कार्यालय मे उन्हें पार्टी पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। नवनीत राणा ने 2019 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अमरावती से चुनाव लड़ा था और उन्होंने शिवसेना के आनंदराव अडसुल को हराया था।


इससे पहले बुधवार को सीएम शिंदे के निवास वर्षा बंगलो पर रात 10 बजे बाद मीटिंग बुलाई गई है। शिवसेना के नेता और जिन सांसदों का टिकट काटा जा सकता है उनके साथ भी बैठक होगी।  


इसके अलावा सीएम शिंदे, देवेंद्र फाडणवीस और अजीत पवार भी मीटिंग करेंगे। कहा जा रहा है कि मीटिंग में सीट बंटवारे को फ़ाइनल किया जाएगा ताकि कल इसकी घोषणा की जा सके। इसके साथ ही अपनी-अपनी पार्टी के नाराज़ नेताओ को भी समझाया जाएगा। 


भाजपा ने कर्नाटक की चित्रदुर्ग सीट से गोविंद करजोल को चुनाव मैदान में उतारा है। कर्नाटक में बीजेपी जेडीएस के साथ गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ रही है और समझौते के अनुसार, जद (एस) तीन सीटों - मांड्या, हासन और कोलार पर चुनाव लड़ेगी।


जेडीएस ने साल 2018 में 14 महीने के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन में सरकार बनाई थी, जिसमें कुमार स्वामी मुख्यमंत्री थे। दोनों पार्टियों ने 2019 का लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ा था और उन्हें सिर्फ एक-एक सीट मिली थी, जबकि बीजेपी ने 25 सीटें हासिल की थीं।