कुदरत जब अपना कहर दिखाती है, तो इंसान को संभलने का मौका नहीं देती. देखते ही देखते तबाही का ऐसा मंजर खड़ा कर देती है, जिसे देखकर रूह कांप उठती है. कुदरत का ऐसा ही कहर भूस्खलन के एक हादसे के रूप में देखने को मिला, जिसमें 25 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. 

भूस्खलन की यह घटना अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में हुई, जिसमें 25 लोगों की मौत की सूचना है. इसके अलावा दर्जनों लोग इसकी चपेट में आकर घायल भी हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नूरिस्तान प्रांत के नूरगाराम जिले में हुए भूस्खलन में कई लोग घायल हुए हैं. 


तालिबान सरकार के सूचना और संचार मंत्रालय के प्रमुख मोहम्मद अब्दुल्ला जान ने एक बयान में ऐलान किया है कि नूरगाराम जिले के "नकराह" गांव में भारी बारिश की वजह से पहाड़ खिसकने से कई लोगों की मौत हो गई. 


उन्होंने बताया कि इस हादसे की वजह से नूरिस्तान, कुनार और पंजशीर प्रांतों में सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं. सड़कें बंद होने के कारण इस दुर्गम इलाके में राहत और बचाव कार्य में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.