इंदौर के चंदन नगर में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक ड्रम में हुए धमाके में दो बच्चे झुलस गए। पुलिस ने ड्रम रखने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोनों बच्चों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चों के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्चे राजकुमार बाग में खेलने जाते हैं। घटना के वक्त भी दोनों बच्चे दोस्तों के साथ खेल रहे थे, वहां एक ड्रम पड़ा हुआ मिला।
बच्चों ने खेल-खेल में नीचे पड़ी तीली उठाई और देखने के लिए जला कर ड्रम में डाल दी। इसके बाद जोर का धमाका हुआ और ड्रम आग उगलने लगा। ड्रम में झांक रहे दोनों बच्चे गंभीर रुप से झुलस गए।
उस ड्रम में ज्वलनशील केमिकल था, जिससे ब्लास्ट हो गया। बच्चों को जलता देख लोगों ने टाट-पट्टी से आग बुझाई। पुलिस ने देर रात ड्रम पटकने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है कि ड्रम किसने वहां रखा है। पुलिस को शक है कि किसी ठेकेदार ने ये ड्रम यहां फेंके गए हैं।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.